Rajasthan: राजस्थान के किसानों के लिए राहत की खबर, हर जिले में फसलों के नुकसान का होगा सर्वे शुरू; पढ़े पूरी खबर
जयपुर। राजस्थान में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बीच किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी को भी नुकसान की स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य पारदर्शिता और तेजी से पूरा किया जाए, ताकि नुकसान का सही आकलन कर समय पर सहायता दी जा सके।
अन्नदाता हमारी प्राथमिकता: सीएम
सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के आकलन के लिए तुरंत सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाता प्रदेश की समृद्धि की नींव हैं और सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके साथ खड़ी है।
फसल खराब होने पर मिलेगा बीमा लाभ:-
कृषि विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी रबी फसलें भी कवर होंगी। यदि कटाई के 14 दिन के भीतर बारिश या अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होती है, तो किसान बीमा क्लेम का लाभ ले सकेंगे।
बारिश-ओलावृष्टि से बढ़ी चिंता:-
पिछले तीन दिनों से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जयपुर सहित 20 से अधिक जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई है, वहीं कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। इससे खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों के सामने बढ़ी मुश्किलें:-
मौसम में अचानक बदलाव के कारण किसानों को जल्द फसल समेटने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों की कमी और बढ़ी हुई मजदूरी दर ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं, जिससे स्थिति और कठिन हो गई है।