LPG संकट के बीच राजस्थान को बड़ी राहत, कमर्शियल गैस सप्लाई पर सरकार का अहम फैसला; पढ़े पूरी खबर

post 1042 (1)

Rajasthan News : एलपीजी संकट के बीच केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सीमित आपूर्ति शुरू करने का फैसला किया है। ईरान-इजरायल युद्ध के चलते पैदा हुई गैस किल्लत से राजस्थान में होटल-रेस्तरां, हॉस्टल मैस और कई औद्योगिक इकाइयों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अब पंजीकृत कमर्शियल उपभोक्ताओं को उनकी मांग का करीब 20 प्रतिशत तक सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

आंशिक सप्लाई शुरू करने का निर्णय:-

सूत्रों के मुताबिक पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कमर्शियल एलपीजी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में होटल-रेस्तरां और पर्यटन क्षेत्र पर पड़ रहे असर पर भी चर्चा हुई। इसके बाद कमर्शियल सिलेंडरों की आंशिक सप्लाई शुरू करने का निर्णय लिया गया। योजना के तहत पंजीकृत कमर्शियल कनेक्शन धारकों को उनकी कुल मांग का अधिकतम 20 प्रतिशत तक गैस सिलेंडर दिए जाएंगे।

राजस्थान में हालात तेजी से बिगड़े:-

कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई लगभग बंद होने से राजस्थान में हालात तेजी से बिगड़ने लगे थे। कई हॉस्टल के मैस, सरकारी और निजी कार्यालयों की कैंटीन तथा होटल-रेस्तरां के संचालन पर असर पड़ा। गैस की कमी का प्रभाव उद्योगों और पर्यटन गतिविधियों पर भी साफ दिखाई देने लगा था।

उद्योगों और कारोबार पर असर:-

व्यावसायिक गैस की कमी के कारण कई उद्योगों में उत्पादन प्रभावित हुआ। कुछ कंपनियों को काम कम होने के कारण मजदूरों को अस्थायी छुट्टी देकर घर भेजना पड़ा। वहीं शादी-विवाह के सीजन में होटलों में ऑर्डर घटने से भोजन के दामों में भी गिरावट देखी गई और कई होटल संचालकों को किराए तक कम करने पड़े।

इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हालात की समीक्षा के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त करने और सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद सीमित आपूर्ति शुरू होने से होटल-रेस्तरां और अन्य कमर्शियल उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

You may have missed