Rajasthan Pensioners : राजस्थान में 14.84 लाख पेंशनर्स का सत्यापन अधूरा, सरकार ने शुरू किया विशेष अभियान
Rajasthan Pensioners : राजस्थान में 14.84 लाख पेंशनर्स का सत्यापन अधूरा, सरकार ने शुरू किया विशेष अभियान
Rajasthan Pensioners: राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले 14.84 लाख लाभार्थियों ने अब तक वार्षिक सत्यापन नहीं कराया है, जिससे उनकी पेंशन अटकने की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने घर-घर जाकर सत्यापन कराने का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को फील्ड कार्मिकों के माध्यम से भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
ओटीपी से भी होगा 100% सत्यापन:-
विभाग के अनुसार जिन पेंशनर्स का सत्यापन फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या आरडी ऐप से नहीं हो पा रहा है, उनका सत्यापन ओटीपी के जरिए कराया जाएगा। फील्ड कर्मचारी सीधे लाभार्थियों से मिलकर प्रक्रिया पूरी करेंगे, ताकि किसी पात्र व्यक्ति की पेंशन बंद न हो।
जयपुर में सबसे बड़ी चुनौती:-
आंकड़ों के मुताबिक, जयपुर जिले में सबसे अधिक 1,38,994 पेंशनर्स का सत्यापन लंबित है। इनमें 1,32,154 राज्य योजनाओं और 6,840 केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े हैं। राज्य योजनाओं में 75696 वृद्धजन, 42510 एकल नारी, 11597 विशेष योग्यजन व 2351 कृषक वृद्धजन पेंशनर्स का सत्यापन नहीं हो पाया है। जबकि केन्द्र की योजनाओं में 3688 वृद्धजन, 3040 विधवा और 112 दिव्यांग पेंशनर्स ने अपना सत्यापन नहीं करवाया है।
31 जनवरी तक जिला-वार स्थिति
- जयपुर – 1,38,994
- जालोर – 66,880
- जैसलमेर – 66,880
- जोधपुर – 66,053
- नागौर – 59,669
- भीलवाड़ा – 55,219
- सीकर – 52,566
- चित्तौड़गढ़ – 51,104
- पाली – 50,481