Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान में पंचायत चुनाव की तारीख को लेकर आई बड़ी खबर, ग्रामीण राजनीति में बढ़ी सियासी सरगर्मी

Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान में पंचायत चुनाव की तारीख को लेकर आई बड़ी खबर, ग्रामीण राजनीति में बढ़ी सियासी सरगर्मी

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक मार्च के पहले सप्ताह में पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसके साथ ही फरवरी में ही आरक्षण निर्धारण और सीटों की लॉटरी प्रक्रिया पूरी करने की योजना है, ताकि समय पर चुनाव संपन्न कराए जा सकें। इससे ग्रामीण राजनीति में हलचल बढ़ गई है।

मतदाता सूची लगभग तैयार:-

राज्य निर्वाचन आयोग स्तर पर मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। वोटर लिस्ट लगभग तैयार हो चुकी है और आम नागरिकों से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं, जिससे किसी भी तरह की त्रुटि को समय रहते दुरुस्त किया जा सके। आयोग के अनुसार पहले चरण में प्रदेश की 14,600 से अधिक ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे, इसके बाद पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव होंगे।

आरक्षण फॉर्मूला जल्द होगा लागू:-

आरक्षण निर्धारण और लॉटरी प्रक्रिया को चुनाव की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है, क्योंकि इसी के आधार पर सरपंच, वार्ड पंच और जिला प्रमुख की सीटों का वर्गवार आरक्षण तय होगा। सूत्रों के अनुसार ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने के सात दिन के भीतर आरक्षण फॉर्मूला लागू कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद सीटों की लॉटरी प्रक्रिया शुरू होगी, जिसे मार्च के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यकाल को लेकर सरकार के सामने फैसला:-

इसी बीच प्रदेश की 12 जिला परिषदों और उनसे संबंधित पंचायत समितियों के कार्यकाल को लेकर सरकार के सामने अहम निर्णय का समय है। इन निकायों का कार्यकाल सितंबर से दिसंबर के बीच समाप्त होना है। ऐसे में यह तय किया जाना है कि चुनाव पहले कराए जाएं या कार्यकाल समाप्ति के नजदीक। कानूनन सरकार के पास छह महीने पहले बोर्ड भंग करने का विकल्प भी उपलब्ध है।

Scroll to Top