Rajasthan: फर्जी IPS बनकर रचाई शादी, पत्नी के नाम पर 19 लाख का लोन हड़प फरार हुआ हाईटेक ठग इंदौर से गिरफ्तार
Rajasthan: फर्जी IPS बनकर रचाई शादी, पत्नी के नाम पर 19 लाख का लोन हड़प फरार हुआ हाईटेक ठग इंदौर से गिरफ्तार
Rajasthan News: राजस्थान साइबर पुलिस ने डेढ़ साल से फरार चल रहे एक शातिर ठग को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। खुद को फर्जी IPS अधिकारी बताकर महिला से शादी रचाने और फिर उससे लाखों की ठगी करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अक्षत राज कोठारी को इंदौर से दबोचा गया है।
IPS की वर्दी का झांसा देकर 19 लाख की ठगी:-
आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (IPS) बताकर प्रभाव जमाता था। इसी झूठी पहचान के सहारे उसने एक महिला को अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी कर ली। बाद में पत्नी के नाम पर बैंक से 19 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया और रकम हाथ में आते ही फरार हो गया।
पहचान बदलकर दे रहा था चकमा:-
साल 2024 से फरार आरोपी लगातार शहर और पहचान बदलकर पुलिस से बचता रहा। करीब 18 महीनों तक वह गिरफ्त से बाहर रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
साइबर थाना प्रभारी को मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने आरोपी की डिजिटल गतिविधियों को ट्रैक किया। लोकेशन इंदौर में मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कितनी महिलाओं को शिकार बनाया?
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने फर्जी IPS बनकर और कितने लोगों को ठगा। मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस हाईटेक ठगी के अन्य मामलों का खुलासा हो सके।