Rajasthan : 5 किलो वाले घरेलू सिलेंडर पर बड़ा अपडेट, गैस कंपनियों ने दी प्रवासी श्रमिकों और छात्रों को बड़ी राहत

जयपुर। राजस्थान में एलपीजी की कमी के बीच केंद्र सरकार ने प्रवासी श्रमिकों और छात्रों को राहत देने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। गैस कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि 5 किलोग्राम वाले छोटे घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई बढ़ाई जाए, ताकि इन वर्गों को गैस की उपलब्धता में दिक्कत न हो।
गैस कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयक एवं कार्यकारी निदेशक मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों और छात्रों को पहचान पत्र के आधार पर 5 किलो का गैस सिलेंडर देने की व्यवस्था पहले से लागू है। हालांकि, एजेंसियों से लगातार छोटे सिलेंडरों की कमी की शिकायतें मिल रही थीं।
1386 एजेंसियों को 41 हजार सिलेंडर की आपूर्ति:-
इस फीडबैक को पेट्रोलियम मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचाया गया, जिसके बाद राज्य में आपूर्ति बढ़ाने का फैसला लिया गया। इसके तहत बुधवार तक प्रदेश की 1386 गैस एजेंसियों को 41 हजार से ज्यादा छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
नया कनेक्शन आसान, लेकिन महंगा विकल्प:-
राज्य में एलपीजी की किल्लत के बीच 5 किलो सिलेंडर का कनेक्शन लेना आसान बना दिया गया है। केवल एक आईडी कार्ड के आधार पर 1490 रुपए में नया कनेक्शन मिल रहा है, जिसमें भरा हुआ सिलेंडर शामिल है।
महंगा पड़ रहा छोटा सिलेंडर:-
हालांकि, यह छोटा सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए महंगा साबित हो रहा है। इसकी रिफिल कीमत 616 रुपए है, यानी प्रति किलो करीब 123 रुपए। यह दर घरेलू और कॉमर्शियल दोनों सिलेंडरों से ज्यादा है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।