Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31 हजार से अधिक अफीम के पौधे बरामद; खेत मालिक गिरफ्तार
Rajasthan: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31 हजार से अधिक अफीम के पौधे बरामद; खेत मालिक गिरफ्तार
सुजानगढ़: चूरू जिले में अवैध अफीम की खेती का एक बड़ा मामला सदर पुलिस ने उजागर किया है। भासीना गांव में करीब दो बीघा जमीन पर अफीम के 31 हजार 200 पौधे पाए गए। पुलिस ने खेत मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी पुष्पेंद्र झाझड़िया ने बताया कि भासीना गांव निवासी सांवताराम (45) पुत्र भागुराम जाट के खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। खेत के लगभग दो बीघा हिस्से में कुल 31,200 पौधे मिले, जिनका कुल वजन 2,696 किलो 340 ग्राम निकला।
पुलिस टीम ने खेत में मौजूद सभी पौधों को उखाड़कर उनकी गिनती की और तौलने के बाद 78 कट्टों में भरकर सील किया। सोमवार को मुखबिर की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद कार्रवाई शुरू की गई। पौधों को एक-एक कर उखाड़ना, गिनती करना, तौलना और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करने में करीब 20 घंटे लग गए। यह कार्रवाई मंगलवार सुबह तक चलती रही।
जब पुलिस जवान खेत में अफीम के पौधे उखाड़ रहे थे, तब बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पूरी कार्रवाई देखते रहे। शुरुआती वीडियोग्राफी के दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस से कहा कि वह प्रधानजी से बात करवा देता है, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया कि किसी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्रवाई जारी रखी गई।
अन्य फसल के बीच छिपाकर लगाई थी अफीम:-
पुलिस के अनुसार आरोपी ने संदेह से बचने के लिए अफीम के पौधे अन्य फसलों के बीच लगाए हुए थे। बरामद पौधों को दो पिकअप गाड़ियों में भरकर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कानूता पुलिस चौकी से थाना परिसर लाया गया। ग्रामीणों का अनुमान है कि बरामद अफीम की कीमत करीब एक करोड़ रुपए तक हो सकती है, हालांकि पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई सालों से खेती करने की चर्चा:-
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी सांवताराम लंबे समय से छोटे स्तर पर इस तरह की खेती कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह ढाणी में अकेला रहता है, जबकि उसके पिता गांव में रहते हैं और उसका बड़ा भाई विदेश में काम करता है। मामले की आगे की जांच बेगाराम मीणा कर रहे हैं।
पौधों की गुणवत्ता भी बेहतर:-
पुलिस के अनुसार खेत में मिले अफीम के पौधों की गुणवत्ता और आकार सामान्य से बेहतर पाए गए। पौधों की लंबाई करीब चार से साढ़े चार फीट और डोडों का आकार सामान्य से लगभग डेढ़ गुना बड़ा बताया गया, जो आमतौर पर चित्तोडगढ़ क्षेत्र में होने वाली अफीम की खेती से भी बेहतर माना जा रहा है।
11 बीघा में से 2 बीघा में उगाई अफीम:-
खेत के सत्यापन के लिए कानूता से पटवारी मुकेश गोदारा को मौके पर बुलाया गया। संबंधित खेत लाडनूं मार्ग पर पूर्व दिशा में करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है, जहां आम लोगों का आना-जाना बहुत कम है। जानकारी के अनुसार आरोपी के पास कुल 11 बीघा जमीन है, जिनमें से करीब 2 बीघा में अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।
कार्रवाई में एसआई गीता रानी, एएसआई राजकुमार, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और पुलिसकर्मी यशपाल, जयराम, प्रेमाराम, केसरदेव तथा रतनलाल भी शामिल रहे।