Rajasthan: डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

post 165

Rajasthan: डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

चूरू। शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। शराब को एक ट्रेलर में चावल के कट्टों के नीचे छिपाकर चंडीगढ़ से गुजरात ले जाया जा रहा था।

डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा से गुजरात की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने एनएच-52 पर रामसरा के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध ट्रेलर को रोका।

जांच के दौरान ट्रेलर के ऊपर चावल के कट्टे भरे हुए मिले, जिन्हें हटाने पर नीचे अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपाए हुए पाए गए। पुलिस ने ट्रेलर से कुल 566 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने सुमित शर्मा निवासी बरोदा, हरियाणा और गुरुप्रसाद निवासी सोखला, जिला बाड़मेर को मौके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह शराब चंडीगढ़ से गुजरात के गांधीधाम ले जाई जा रही थी।

फिलहाल पुलिस शराब की सप्लाई चेन, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क को लेकर गहन जांच और पूछताछ कर रही है।