राजस्थान: कम उपस्थिति के नोटिस से आहत छात्रा ने किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट

राजस्थान: कम उपस्थिति के नोटिस से आहत छात्रा ने किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट

Rajasthan News: अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा से पहले 10वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। स्कूल की ओर से कम उपस्थिति को लेकर नोटिस भेजे जाने के बाद छात्रा ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शिशु रोग विभाग की आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार दोपहर घर पर यह कदम उठाया। उस समय उसकी मां खेत पर काम कर रही थी और छात्रा घर पर अकेली थी। कुछ देर बाद बड़ा भाई घर पहुंचा तो बहन अचेत अवस्था में मिली। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

निजी स्कूल में पढ़ती है छात्रा:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रा नारेली के पास स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा दसवीं की विद्यार्थी है। हाजिरी कम होने को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से परिजनों को नोटिस भेजा गया था। छात्रा की मां ने बताया कि जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद हुई पीटीएम में उपस्थिति 60 प्रतिशत बताई गई थी। इसके बाद करीब चार-पांच दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से 50 प्रतिशत उपस्थिति बताते हुए बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं मिलने संबंधी नोटिस भेजा गया, जिसे लेकर परिजन स्कूल के चक्कर काट रहे थे।

मानसिक दबाव का आरोप:-

छात्रा की मां ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षकों द्वारा छात्रा को अन्य विद्यार्थियों से अलग-थलग रखा गया और सहपाठियों को उससे दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी।

सुसाइड नोट में जताया डर और पछतावा:-

पड़ताल में सामने आया है कि छात्रा ने विषाक्त सेवन से पहले अंग्रेजी में एक सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उसने मां और भाई से माफी मांगते हुए उनकी उम्मीदों पर खरा न उतर पाने की बात लिखी। साथ ही स्कूल में अलग-थलग किए जाने, शिक्षकों की प्रताड़ना और भविष्य खराब होने के डर का उल्लेख किया।

पुलिस जांच में जुटी:-

अलवर गेट थानाप्रभारी नरेन्द्र सिंह जाखड़ ने बताया कि छात्रा ने विषाक्त सेवन किया है और वह फिलहाल इलाजरत है। छात्रा के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर स्कूल में उपस्थिति कम होना सामने आया है।

Scroll to Top