राजस्थान: हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस की गाड़ियों को मारी टक्कर, 4 पुलिसकर्मी घायल; पढ़े पूरी खबर

post 1053 (1)

राजस्थान: झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा करने की घटना सामने आई। पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर रोहित महला ने अपनी पिकअप से पुलिस की गाड़ियों को कई बार टक्कर मार दी। इस दौरान हुए हादसे में एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी और गुढ़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहित महला किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गई।

तीन दिन से पुलिस कर रही थी निगरानी:-

बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले तीन दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और उसे पकड़ने की रणनीति बना रही थी। लोकेशन मिलने के बाद गुढ़ागौड़जी थाने के एएसआई सज्जन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में वाहन चालक भूपेंद्र और कॉन्स्टेबल अशोक तथा रविकांत शामिल थे। पुलिस ने बांडिया नाले के पास पिकअप को दोनों तरफ से घेर लिया और एक गाड़ी आगे तथा दूसरी पीछे लगा दी।

बचने के लिए पुलिस वाहनों को मारी टक्कर:-

खुद को घिरता देख रोहित महला ने पिकअप को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया और पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए निकलने की कोशिश की। उसने सामने खड़ी पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और फिर रिवर्स लेकर पीछे खड़ी दूसरी गाड़ी दूसरी गाड़ी को भी टक्कर मार दी। इसके बाद वह मौके से भाग निकला।

पुलिस ने करीब आठ किलोमीटर तक उसका पीछा किया। पीछा करते समय भी वह बार-बार पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर बच निकलने की कोशिश करता रहा, जिससे पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

डेढ़ घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार:-

करीब डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद बदमाश की पिकअप अचानक बंद हो गई। मौके का फायदा उठाकर पुलिस ने दोबारा घेराबंदी की और रोहित महला को पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथी मौके से फरार हो गए।

कई पुलिसकर्मी घायल:-

इस घटना में पुलिस वाहन चालक भूपेंद्र का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई सज्जन कुमार और कॉन्स्टेबल अशोक व रविकांत को हाथ-पैर में चोटें आईं। रोहित महला के दोनों पैरों में भी चोट लगी है। सभी घायलों को गुढ़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि रोहित महला को पहले झुंझुनूं और बाद में हालत बिगड़ने पर जयपुर रेफर कर दिया गया।

आरोपी पर 19 गंभीर मामले दर्ज:-

गुढ़ागौड़जी थाना प्रभारी सुरेश रोलन के अनुसार रोहित महला एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट तथा जानलेवा हमले सहित करीब 19 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह करीब एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही फिर से सक्रिय हो गया।