Rajasthan: 12वीं के विदाई समारोह के दौरान स्कूल गेट पर छात्र के सीने में चाकू से हमला, मचा हड़कंप

post 512 (1)

Rajasthan: 12वीं के विदाई समारोह के दौरान स्कूल गेट पर छात्र के सीने में चाकू से हमला, मचा हड़कंप

Rajasthan News: झालावाड़ जिले के चेचट स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को 12वीं के विदाई समारोह के दौरान अचानक हंगामा खड़ा हो गया। स्कूल गेट के बाहर खड़े दो छात्रों पर एक बाहरी युवक ने चाकू से हमला कर दिया। मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। दोनों छात्रों को गंभीर हालत में पहले चेचट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर किया गया।

बाहरी युवक ने किया हमला:- 

जानकारी के अनुसार, विदाई कार्यक्रम चल रहा था और इसी बीच दोनों छात्र कुछ देर के लिए स्कूल परिसर के बाहर खड़े थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और पुराने विवाद के साथ मोबाइल फोन की बात को लेकर बहस करने लगा। विवाद बढ़ते ही उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। एक छात्र के सीने पर वार किया गया, जबकि दूसरे के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर शिक्षक और अन्य छात्र बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

बीच-बचाव में भी किया हमला:-

घायल छात्रों के बयान अस्पताल में दर्ज किए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पहले उसके मित्र का मोबाइल देखने की जिद कर रहा था। मना करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। जब दूसरे छात्र ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर और नाक पर वार कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी:-

घटना की सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुरेंद्र गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में रोष है। अभिभावकों ने स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बाहरी लोगों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण की मांग की है।