Rajasthan: दहेज की मांग बनी काल, नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, रोती-बिलखती रही मासूम बेटी
Rajasthan: भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। नीतू (23) पत्नी पदम सिंह की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ही 11 लाख रुपये और कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
चौबुर्जा चौकी प्रभारी राकेश मान ने बताया कि नीतू की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे RBM Hospital में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। एसडीएम भारती गुप्ता की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के भाई सोनू निवासी नागोली थाना धौलपुर ने बताया कि 22 अप्रैल 2024 को नीतू और उसकी छोटी बहन रमन की शादी बुद्ध की हाट निवासी दो सगे भाइयों पदम सिंह और रमा शंकर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों बहनों पर दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा।
आरोप है कि ससुर ब्रज मोहन, जेठ मनीष, ननद डोली व हेमलता और नंदोई हरेंद्र व राजेश लगातार नकदी और कार की मांग कर रहे थे। घटना वाले दिन दोनों बहनों के साथ मारपीट की गई। रमन ने नीतू को बचाने की कोशिश की तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और नीतू को कथित रूप से जहरीला पदार्थ पिला दिया गया। बाद में रमन ने किसी तरह मायके पक्ष को सूचना दी। परिजन तुरंत पहुंचे और नीतू को अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
नीतू अपने पीछे करीब सवा साल की मासूम बेटी हर्षिता को छोड़ गई है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।