Rajasthan Budget 2026: विधानसभा बजट सत्र से पूर्व आज सर्वदलीय बैठक, विपक्ष की रणनीति तैयार

Rajasthan Budget 2026: विधानसभा बजट सत्र से पूर्व आज सर्वदलीय बैठक, विपक्ष की रणनीति तैयार

Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार दोपहर 3 बजे विधानसभा परिसर में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। वहीं, विपक्ष के तेवरों और तैयारियों को देखते हुए सत्ता पक्ष ने भी शाम 4.30 बजे विधायक दल की बैठक तय की है। यह बैठक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में सीएम आवास पर होगी।

विधानसभा में विधायकों के सवालों को लेकर जारी निर्देशों के बाद से ही विपक्ष के तेवर तीखे हो गए हैं। विपक्ष लगातार भजनलाल सरकार पर निशाना साधा रहा है। डिस्टर्ब्ड एरिया बिल 2026 को लेकर भी विपक्ष का विरोध तेज हो गया है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि सरकार इसे कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर पेश कर रही है। ऐसे में सदन के भीतर टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है।

लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की पहल:-

सर्वदलीय बैठक से पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। इससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की भागीदारी सुनिश्चित होती है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा का अवसर मिलता है।

सर्वदलीय बैठक में विपक्ष हो रहा शामिल, अच्छा संकेत:-

राजनीतिक जानकारों के अनुसार पिछली बार विपक्ष ने सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया था, लेकिन इस बार विपक्ष का शामिल होना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। सर्वदलीय बैठक में प्रमुख विपक्षी दल की भूमिका को अहम माना जा रहा है।

सत्ता पक्ष भी अलर्ट मोड में:-

16वीं राजस्थान विधानसभा का पांचवां सत्र हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष की आक्रामक रणनीति को देखते हुए सत्ता पक्ष भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार शाम होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में सत्र की रणनीति, प्रमुख मुद्दों और विपक्ष के संभावित सवालों के जवाबों को लेकर मंथन किया जाएगा। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने बताया कि यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

Scroll to Top