Rajasthan: सीमा हैदर के बाद अब सुर्खियों में राबिया, प्यार में अंधा हुआ राजस्थानी युवक, तीन करोड़ लुटाए
Rajasthan: सीमा हैदर के बाद अब सुर्खियों में राबिया, प्यार में अंधा हुआ राजस्थानी युवक, तीन करोड़ लुटाए
Rajasthan News: हनुमानगढ़ जिले के डबलीराठान गांव निवासी हरदीप सिंह का नाम एक बड़े साइबर ठगी और देशविरोधी नेटवर्क से जुड़कर सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह पाकिस्तान की राबिया नामक महिला के संपर्क में आने के बाद अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का हिस्सा बन गया।
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले हरदीप के पास पाकिस्तानी नंबर से एक कॉल आई। शुरुआती तौर पर उसे फ्रॉड का अंदेशा था, लेकिन बातचीत का सिलसिला जारी रहा और वह राबिया के संपर्क में आता गया। धीरे-धीरे उसने भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन ठगी कर रकम पाकिस्तान भेजनी शुरू कर दी।
जांच एजेंसियों के अनुसार अब तक लगभग 3.26 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। हरदीप को कुल रकम का करीब 15 प्रतिशत कमीशन मिलता था, जबकि शेष राशि वह USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के माध्यम से पाकिस्तान भेजता था, ताकि बैंकिंग ट्रेल से बचा जा सके।
ऑपरेशन सिंदूर और नाकाम वीजा:-
हरदीप अपनी प्रेमिका राबिया से मिलने के लिए इतना बेताब था कि उसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान जाने का वीजा भी अप्लाई किया था हालांकि सुरक्षा कारणों से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। जांच में यह भी सामने आया है कि वह भारत छोड़ने की योजना बना रहा था।
ऐसे चलता था साइबर नेटवर्क:-
पाकिस्तानी साइबर अपराधियों ने भारतीय लोगों को निशाना बनाने के लिए हरदीप का उपयोग किया। वह अपने व्हाट्सएप नंबरों के OTP पाकिस्तान भेजता था, जिससे वहां बैठे लोग भारतीय नंबरों के जरिए कॉल और मैसेज कर ठगी को अंजाम देते थे।
फर्जी एनजीओ, सस्ते सामान और निवेश के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विज्ञापन चलाकर लोगों को जाल में फंसाया जाता था। आरोप है कि हरदीप ग्रामीण मजदूरों के बैंक खाते किराए पर लेकर लेनदेन करता था।
पुलिस कार्रवाई
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके ठिकाने से 26 बैंक पासबुक, 18 एटीएम कार्ड, 8 सिम कार्ड, 3 मोबाइल फोन और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए। देश के 14 राज्यों में उससे जुड़ी 36 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं।