Rajasthan Accident: सवारियों से भरी चलती बस के ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, अनियंत्रित होकर पलटी बस; मची मची चीख-पुकार!
Rajasthan Accident: राजस्थान के अजमेर जिले में सेंदरिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अहमदाबाद से जयपुर जा रही एक निजी वीडियो कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को चलती बस में दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है।
सेंदरिया के पास मचा हड़कंप:-
यह हादसा अजमेर के सेंदरिया क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस सामान्य गति से जयपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक वह लहराने लगी और कुछ ही क्षणों में पलट गई। बस पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री उस समय सो रहे थे, जिससे वे संभल भी नहीं पाए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ने की आशंका:-
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चला रहे चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आशंका है कि उसे चलती बस में दिल का दौरा पड़ा, जिससे वह बेहोश हो गया और बस से उसका नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू:-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 घायलों को उपचार के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज ट्रॉमा वार्ड में किया जा रहा है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम:-
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
ड्राइवरों की सेहत पर उठे सवाल:-
इस घटना के बाद लंबी दूरी की बसों के ड्राइवरों की सेहत और नियमित हेल्थ चेकअप को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ड्राइवरों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।