राजस्थान: पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, साथ चलने से किया इनकार तो थाने के बाहर युवक ने जहर पीकर उठाया खौफनाक कदम
राजस्थान: बांसवाड़ा के दानपुर कस्बे में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने तनाव में आकर जहरीली दवा पी ली, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार छोटी सरवन निवासी पंकज पुत्र अमरू की पत्नी पारिवारिक विवाद के कारण घर छोड़कर मायके चली गई थी। करीब सात महीने से वह दानपुर में अपने पीहर में रह रही थी। 15 मार्च को पंकज अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा, लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और पत्नी शिकायत दर्ज कराने के लिए दानपुर थाने पहुंच गई।
थाने के बाहर भी हुआ विवाद:-
बताया जा रहा है कि पंकज भी अपनी पत्नी के पीछे-पीछे थाने पहुंच गया। थाना परिसर के बाहर दोनों के बीच काफी देर तक बहस और विवाद चलता रहा। इसी दौरान आवेश में आकर पंकज ने अपने पास रखी जहरीली दवा पी ली, जिससे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
पहले स्थानीय अस्पताल, फिर बांसवाड़ा रेफर:-
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर युवक को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। जंहा उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती किया गया है।
घर से ही जहरीली दवा लेकर आया था युवक:-
इस मामले की पुष्टि दानपुर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद ने की है। उन्होंने बताया कि युवक अपने घर से ही जहरीली दवा लेकर थाने पहुंचा था। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।