राजस्थान: बजरी से भरे डंपर ने पुल‍िस जीप को मारी टक्‍कर, ASI सह‍ित दो पुल‍िसकर्मी घायल 

post 1182 (1)

राजस्थान: पुष्कर क्षेत्र में शनिवार देर रात सावित्री लिंक रोड पर बजरी से भरे डंपर ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार एएसआई हरभान सिंह और चालक शशिकांत घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया।

पुलिस की जीप मोतीसर रोड से पुष्कर की ओर गश्त पर लौट रही थी। इसी दौरान तिलोरा की ओर से तेज रफ्तार से आ रहा डंपर जलदाय विभाग चौराहे के पास नियंत्रण खो बैठा और सीधे पुलिस जीप से टकरा गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि दोनों पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इससे क्षेत्र में भारी वाहनों की निगरानी और उनकी गति नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।