जेजेएम घोटाला, सुबोध अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों की तलाश, एसीबी ने 21 शहरों में 100 ठिकानों पर की छापेमारी

8

जेजेएम घोटाला, सुबोध अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों की तलाश, एसीबी ने 21 शहरों में 100 ठिकानों पर की छापेमारी

जयपुर। जेजेएम घोटाले में फरार रिटायर्ड IAS अधिकारी सुबोध अग्रवाल और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चला रखा है। यह अभियान 17 फरवरी 2026 से जारी है। अभियान में उप महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप अधीक्षक और पुलिस निरीक्षक सहित कुल 40 पुलिस टीमें लगाई गई हैं। बता दें कि 18 फरवरी को सुबोध अग्रवाल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। ताकि वो देश नहीं छोड़ पाएं। ACB उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने देश के करीब 21 शहरों में 100 से ज्यादा ठिकानों पर तलाशी ली है। इनमें प्रमुख रूप से जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, नई दिल्ली, चंडीगढ़, फरीदाबाद, नोएडा, मेरठ और मुंबई शामिल हैं। इन शहरों में आरोपियों के घर, रिश्तेदारों के आवास, होटल, फ्लैट और फार्म हाउस पर पुलिस ने दबिश दी। अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें आरोपियों के रिश्तेदार, दोस्त, ड्राइवर, नौकर और उन्हें शरण देने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने 5 शहरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की मदद करने वाले चार लोगों को अलग-अलग शहरों से लाकर पूछताछ की गई है। इनसे आरोपियों के ठिकानों और संपर्कों के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार छापेमारी, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अभियान अभी भी जारी है।