PTI भर्ती घोटाला: फर्जी डिग्री से 67 अभ्यर्थियों ने पाई नौकरी! राजस्थान से MP पहुंची SOG; 5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

PTI भर्ती घोटाला: फर्जी डिग्री से 67 अभ्यर्थियों ने पाई नौकरी! राजस्थान से MP पहुंची SOG; 5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पीटीआई भर्ती–2022 में फर्जी डिग्रियों के जरिए नियुक्ति पाने के मामले में भोपाल में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एसओजी की टीमों ने सीहोर स्थित श्री सत्यसाईं यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मेडिकल साइंस के कैंपस सहित कुल पांच ठिकानों पर तलाशी ली।

सर्च के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डेटा बरामद किया गया है, जिसे आगे की जांच के लिए जयपुर मुख्यालय लाया जाएगा। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने तक टीमें भोपाल में ही तैनात रहेंगी। बुधवार को भी कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज मिले हैं। यह जांच बैक डेट में फर्जी डिग्रियां जारी किए जाने के संदेह को लेकर की जा रही है।

यूनिवर्सिटी ने नहीं दी जानकारी:-

पीटीआई भर्ती परीक्षा में एक ही यूनिवर्सिटी की डिग्री के आधार पर 67 अभ्यर्थियों को नौकरी मिली थी। सभी डिग्रियां श्री सत्यसाईं यूनिवर्सिटी से जारी बताई गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय किसी अन्य संस्थान से डिग्री प्राप्त करने की जानकारी दी थी, जबकि दस्तावेज सत्यापन के दौरान उक्त यूनिवर्सिटी की डिग्री प्रस्तुत की गई।

इस मामले में एसओजी में पांच प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। यूनिवर्सिटी प्रबंधन से डिग्रियों से संबंधित रिकॉर्ड मांगा गया था, लेकिन नोटिस जारी होने के बावजूद आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

40 सदस्यीय टीम ने संभाला मोर्चा:-

एडीजी बंसल के अनुसार न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद 5 एएसपी के नेतृत्व में 40 सदस्यीय टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने श्री सत्यसाईं यूनिवर्सिटी कैंपस के अलावा भोपाल की अरेरा कॉलोनी स्थित कपूर हाउस, यूनिवर्सिटी प्रबंधन से जुड़े सीए के आवास और गांधी नगर स्थित आरकेडीएफ कॉलेज सहित पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

Scroll to Top