PM Modi Rajasthan Visit : ‘कांग्रेस अब INC नहीं, MMC – मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’, PM मोदी का तीखा हमला, जानें संबोधन की बड़ी बातें

post 842 (1)

PM Modi Rajasthan Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर की पावन धरा से राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। अपने जोशीले संबोधन में उन्होंने 16,686 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को प्रदेश की प्रगति का मजबूत आधार बताया और ‘डबल इंजन’ सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इस अवसर पर उन्होंने हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और बेटियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत कर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का ‘सुरक्षा कवच’ प्रदान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में जो बदलाव दिख रहा है, वह केवल घोषणाओं का परिणाम नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प की दिशा में उठाया गया ठोस और निर्णायक कदम है।

प्रधानमंत्री के संबोधन की प्रमुख बातें:-

  • अजमेर को आस्था और शौर्य की धरती बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां संतों की तपस्थली भी है और क्रांतिवीरों की वीरगाथाएं भी गूंजती हैं। उन्होंने हाल ही में इजराइल यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के लोग आज भी राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के साहस को गर्व से याद करते हैं।
  • इजराइल की संसद में मेजर दलपत सिंह को नमन करने का अवसर मिलने को उन्होंने अपने लिए गौरव की बात बताया और कहा कि हाइफा को आजाद कराने में राजस्थान के वीरों की भूमिका इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
  • उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन दो वर्षों में राजस्थान विकास के नए मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ा है।
  • प्रधानमंत्री ने बताया कि करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, जो सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में नई ऊर्जा भरेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
  • उन्होंने कहा कि पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन अब इस पर सख्त लगाम लगाई गई है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो रही है।
  • इसी मंच से 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने को उन्होंने बड़ा बदलाव बताया और इसके लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी।
  • अजमेर से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत को उन्होंने देश की बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि जब परिवार की मां स्वस्थ रहती है तो पूरा परिवार मजबूत रहता है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए सरकार निरंतर योजनाएं चला रही है।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधा केवल यात्रा को आसान नहीं बनाती, बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देती है। जब गांव-गांव तक अच्छी सड़क पहुंचती है, तो किसान अपनी फसल सही दाम पर बेच पाता है, व्यापारी आसानी से अपना सामान बाहर बेच पाते हैं।
  • अजमेर-पुष्कर की पर्यटन क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। पर्यटक बढ़ते हैं तो होटल, ढाबे, कारीगर और गाइड सभी को रोजगार मिलता है। एक पर्यटक कई परिवारों की आजीविका का आधार बनता है।
  • उन्होंने दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के अनेक देशों के नेता और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि भारत की प्रगति की प्रशंसा कर रहे हैं।

कांग्रेस पर तीखा हमला:-

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है। कभी कांग्रेस INC यानी Indian National Congress थी। लेकिन अब INC नहीं बची है, आज वो INC के बजाय MMC यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी मंचों पर भी देश की छवि धूमिल करने का प्रयास करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को बदनाम करना और सेना के मनोबल को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है। उन्होंने OROP और रक्षा सौदों का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर भी सवाल उठाए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर देश की रक्षा की है और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि देशहित में जो भी कदम उठाए जाते हैं, कांग्रेस उनका विरोध करती है और जनता इसका जवाब दे रही है।

ऊर्जा और आत्मनिर्भरता पर जोर:-

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान की धूप अब ऊर्जा और आय का स्रोत बन रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना आम परिवारों के खर्च को कम करने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत की नींव है। आज जिन परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, वे प्रदेश के भविष्य को सुदृढ़ करेंगी और हर परिवार के जीवन को समृद्ध बनाने में सहायक होंगी।