PM Modi Rajasthan Visit: आसमान में सेना, जमीन पर SPG, पीएम मोदी के दौरे से पहले छावनी में तब्दील हुआ अजमेर, 5 हजार जवानों की तैनाती

post 816 (1)

PM Modi Rajasthan Visit: राजस्थान का अजमेर जिला 28 फरवरी (शनिवार) को एक ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली से प्रदेश को करीब 23,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था:-

प्रधानमंत्री का विशेष विमान किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेगा। पूरे एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा की जिम्मेदारी Special Protection Group (SPG) ने संभाल ली है। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

हेलीकॉप्टर से कायड़ पहुंचेंगे प्रधानमंत्री:-

एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री सेना के विशेष हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कायड़ विश्राम स्थली पर करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आयोजन स्थल को अलग-अलग सेक्टर में बांटकर भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी की गई है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में लगभग दो लाख लोगों की उपस्थिति संभावित है।

कार्यक्रम के दौरान HPV वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत 14 वर्ष तक की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, प्रशासक और स्वास्थ्य मंत्री NIC के माध्यम से वर्चुअली जुड़ेंगे।

जाम से बचना है तो पढ़ लें ये जरूरी जानकारी:-

अजमेर पुलिस प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए शहर में कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए हैं। जयपुर-अजमेर हाईवे और कायड़ क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों के लिए विस्तृत रूट मैप जारी किया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

तैयारियों का लिया गया जायजा:-

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 24 फरवरी को खुद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को पेयजल, चिकित्सा सुविधा और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। संबंधित मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।