राजस्थान में एक कंपनी ने पेट्रोल-डीजल की दरें बढ़ाई, प्रदेश में 900 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर नई कीमत लागू

11

राजस्थान में एक कंपनी ने पेट्रोल-डीजल की दरें बढ़ाई, प्रदेश में 900 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर नई कीमत लागू

राजस्थान में प्राइवेट कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की दरें बढ़ा दी हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई रेट गुरुवार सुबह से प्रदेशभर में लागू कर दी गई। कंपनी के इस फैसले के बाद नायरा के फ्यूल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भरवाने वाले वाहन ड्राइवरों को अब पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। प्रदेश में नायरा के लगभग 900 से अधिक फ्यूल पंप संचालित है, जबकि देशभर में कंपनी के 6700 से ज्यादा पेट्रोल पंप है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। खासकर ट्रांसपोर्ट सेक्टर, टैक्सी-ऑटो ड्राइवरों और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की जेब पर इसका अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ऑपरेटिंग लागत में वृद्धि जैसे कारण माने जा रहे हैं। हालांकि कंपनी की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत कारणों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। राजस्थान नायरा पेट्रोल पंप डीलर महेश राणा ने बताया कि आज से पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी का फैसला किया है। हम प्राइवेट पेट्रोल डीलर है, कंपनी ने अपने स्तर पर यह फैसला किया है। केंद्र से ही हमें ज्यादा कीमत पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होगा। ऐसे में हमने भी कंपनी के अनुरूप ही अपनी कीमत करने का फैसला किया है। प्राइवेट कंपनी की होने की वजह से हमें सरकार से किसी भी तरह की सब्सिडी भी नहीं मिलती है।