तीर्थराज प्रयागराज में चल रहे माघ मेला 2026 के दौरान एक बार फिर अपराधियों की गतिविधियों ने लोगों में भय पैदा कर दिया है। धूमनगंज थाना क्षेत्र के टीपी नगर इलाके में रविवार देर रात एक अज्ञात बदमाश ने बंद पड़ी एक दुकान को निशाना बनाते हुए लगातार तीन देसी बम फेंके। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
अज्ञात व्यक्ति ने फैलाया दहशत:-
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। टीपी नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित एक जनरल स्टोर उस समय बंद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और एक के बाद एक तीन बम फेंक दिए। पहले धमाके से ही इलाके में सनसनी फैल गई, जिसके बाद लगातार हुए दो अन्य धमाकों से लोग दहशत में आ गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि दुकान बंद थी, जिससे किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाश की पहचान की कोशिश:-
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी काले कपड़ों में दिखाई दे रहा है, जिसने अपने चेहरे को आंशिक रूप से ढक रखा था। फुटेज में वह तेजी से दुकान के सामने पहुंचकर बम फेंकता और मौके से फरार होता नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल बदमाश अकेला प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य एंगल से भी जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से बम के अवशेष कब्जे में लिए हैं।
माघ मेले के दौरान बढ़ाई गई सतर्कता:-
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रयागराज में 3 जनवरी से माघ मेला 2026 आयोजित है, जिसमें रोजाना लाखों श्रद्धालु स्नान और दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मेले को देखते हुए शहर में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन और एआई आधारित सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना को मेले से जोड़कर भी जांचा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात रंगदारी, पुरानी रंजिश या मेले के दौरान दहशत फैलाने की साजिश का हिस्सा हो सकती है।
FIR दर्ज, उच्चस्तरीय जांच के निर्देश:-
स्थानीय लोगों के अनुसार टीपी नगर इलाका पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। इस बमबाजी की घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल है। धूमनगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।


