शहर में क्रिसमस डे पर स्कूल में तोड़फोड़, स्टाफ से मारपीट, बोले- हम सांता को नहीं देखना चाहते; पढ़े पूरी खबर  

शहर में क्रिसमस डे पर स्कूल में तोड़फोड़, स्टाफ से मारपीट, बोले- हम सांता को नहीं देखना चाहते; पढ़े पूरी खबर  

Nagaur News: नागौर, क्रिसमस के मौके पर शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब शीतला माता मंदिर के सामने स्थित एक निजी स्कूल में कुछ युवकों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। आरोप है कि डंडों से लैस होकर पहुंचे युवकों ने स्कूल परिसर में घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार से आए तीन युवकों को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार सेंट जेवियर्स स्कूल में क्रिसमस डे के अवसर पर छोटे बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। स्कूल को क्रिसमस थीम पर सजाया गया था और बच्चे सांता क्लॉज के साथ कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में सवार कुछ युवक स्कूल पहुंचे और जबरन परिसर में घुस गए। युवकों ने कहा कि वे “सांता को नहीं देखना चाहते” और इसके बाद स्कूल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

घटना के दौरान मौजूद बच्चे और स्टाफ दहशत में आ गए। बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। स्कूल संचालक शैताना राम चांगल ने बताया कि आरोपित युवकों ने उनके साथ मारपीट की और स्टाफ को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए आयोजित किया गया था, लेकिन इस घटना से बच्चों में भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश सचिव विनय शर्मा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं कोतवाली थाना अधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Scroll to Top