अब इस देश को वेनेज़ुएला का तेल बेचेगा अमेरिका, फिर भी सरकार को नहीं होगा फायदा; पढ़े पूरी खबर
वेनेज़ुएला पर हालिया कार्रवाई के बाद अमेरिका और क्यूबा के बीच तनाव बना हुआ है, लेकिन इसी बीच United States Of America ने क्यूबा को आंशिक राहत देने का अहम फैसला किया है। अमेरिकी ट्रेज़री विभाग ने घोषणा की है कि वह वेनेज़ुएला के तेल की क्यूबा में पुनः बिक्री के लिए लाइसेंस आवेदनों पर सकारात्मक रुख अपनाएगा। यह प्रक्रिया ऑफिस ऑफ फॉरेन असेट्स कंट्रोल (OFAC) के माध्यम से पूरी की जाएगी।
क्यूबा को मिलेगी राहत:-
Cuba में पिछले कुछ सप्ताह से ईंधन संकट गहराता जा रहा है। हाल ही में Donald Trump के दबाव के बाद Mexico ने क्यूबा को तेल आपूर्ति रोक दी थी। ऐसे में अब अमेरिकी फैसले से क्यूबा के निजी क्षेत्र को राहत मिलने की उम्मीद है।
जनता और निजी क्षेत्र तक सीमित सुविधा:-
अमेरिकी ट्रेज़री विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल क्यूबा की आम जनता और प्राइवेट सेक्टर के लिए होगी। लाइसेंस उन्हीं लेन-देन के लिए दिए जाएंगे जो निजी व्यवसायों, वाणिज्यिक गतिविधियों और मानवीय जरूरतों को समर्थन देते हों।
सरकार को नहीं मिलेगा फायदा:-
अमेरिका की इस सुविधा का फायदा क्यूबा की सरकार को नहीं मिलेगा। साथ ही सेना, खुफिया सेवाओं या सरकारी संस्थाओं को लाभ पहुंचाने वाले किसी भी लेन-देन के लिए वेनेज़ुएला के तेल की खरीद के लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे।
लाइसेंस की शर्तें:-
तेल लेन-देन के लिए लाइसेंस पाने हेतु कुछ शर्तें तय की गई हैं। अमेरिकी इकाई होना अनिवार्य नहीं है, लेकिन लेन-देन वेनेज़ुएला से जुड़े सामान्य प्रतिबंधों और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। बिक्री से होने वाला राजस्व अमेरिका-नियंत्रित खाते में जमा किया जाएगा।
यह व्यवस्था खास तौर पर क्यूबा के निजी व्यवसायों—जैसे निजी एयरलाइंस और अन्य कंपनियों—को ईंधन उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो सकती है।