Murder: दोस्ती में शक बना मौत की वजह, पार्टी के बहाने जंगल ले जाकर तौलिये से उतारा मौत के घाट; पढ़े पूरी खबर

post 1158 (1)

Murder: भरतपुर जिले के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के सामंतपुरा के जंगलों में हुई नरेंद्र कुमार शर्मा की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वारदात को मृतक के ही करीबी दोस्तों ने अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्ण गोपाल यादव उर्फ पेल्या को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी अभी फरार हैं।

शक बना हत्या की वजह:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नरेंद्र और आरोपी आपस में गहरे दोस्त थे, लेकिन कुछ समय से आरोपियों को उस पर ‘गद्दारी’ का शक था। इसी रंजिश में 28 फरवरी की रात कृष्ण गोपाल, पवन और रिंकू उर्फ बंटी उसे बाइक पर बैठाकर सामंतपुरा के सुनसान जंगलों में ले गए। वहां पहले साथ बैठकर शराब पी, फिर अचानक तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को सड़क किनारे रेत के गड्ढे में दबा दिया।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स से खुलासा:-

2 मार्च को जंगल में अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शिनाख्त होने पर एसपी दिगंत आनंद के निर्देशन में टीम गठित की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने पर शक मृतक के दोस्तों पर गया। पूछताछ में कृष्ण गोपाल ने अपराध कबूल कर लिया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड:-

जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी, दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है। नरेंद्र के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज थे, वहीं मुख्य आरोपी और उसके साथियों पर हत्या, लूट और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी राजेश कसाना सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।