Murder Case: सिगरेट को लेकर विवाद के बाद युवक की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला
Murder Case: सिगरेट को लेकर विवाद के बाद युवक की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला
Murder Case: कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर बॉम्बे योजना में 18 फरवरी की शाम सिगरेट को लेकर हुआ मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। विक्रम सिंह हत्याकांड में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले तीन नाबालिग बाल अपचारियों को निरुद्ध कर बाल संप्रेषण गृह भेजा जा चुका है।
डिप्टी मनीष शर्मा ने बताया कि 18 फरवरी को दिन में बरड़ा बस्ती चौराहे पर सिगरेट मंगाने की बात को लेकर विक्रम सिंह और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने इस बात को लेकर रंजिश पाल ली।
शाम को गोलू खत्री अपने 7-8 साथियों के साथ सुभाष नगर बॉम्बे योजना स्थित एक दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि विक्रम सिंह को बाहर बुलाकर दुकान से घसीटा गया और पाइप व चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। चाकू के वार से उसके फेफड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी विशाल शर्मा और कुशाल बैरवा को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दिन में हुए विवाद का बदला लेने की नीयत से हमला करना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।