Murder: प्रपोज-डे पर सरप्राइज के बहाने बुलाया, चेन पहनाते समय प्रेमिका का सिर झुकवाकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
Murder: प्रपोज-डे पर सरप्राइज के बहाने बुलाया, चेन पहनाते समय प्रेमिका का सिर झुकवाकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
अबोहर (श्रीगंगानगर): शहर के मलोट रोड स्थित एक होटल में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी सचिन ने पुलिस रिमांड के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने पूछताछ में दावा किया कि प्रेम संबंध टूटने और खुद को ठगा महसूस करने के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।
नगर थाना नंबर एक में पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि उसे अपने कृत्य पर पछतावा नहीं है। जानकारी के अनुसार, आईटीआई कर चुका सचिन रामकोट गांव के एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि वह अबोहर की गौशाला के पास एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर मैकेनिक का काम करता था।
शादी से इनकार के बाद बढ़ा विवाद:-
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले आरोपी की पहचान गौशाला में सेवा करने वाले परिवार की लड़की से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम संबंध में बदल गया। आरोपी का कहना है कि वह शादी के लिए तैयार था, लेकिन दो महीने पहले लड़की ने शादी से इनकार कर दिया और किसी अन्य युवक से दोस्ती की बात कही।
सोशल मीडिया पर दूसरे युवक की तस्वीरें देखने के बाद आरोपी आहत हो गया। उसने प्रपोज-डे के दिन वारदात की योजना बनाई। घटना से एक दिन पहले बाजार नंबर-4 के पास एक दुकान से कुल्हाड़ी खरीदी।
होटल में की वारदात:-
वारदात वाले दिन उसने लड़की को वेलेंटाइन सरप्राइज देने के बहाने बुलाया। दुकान मालिक की स्कूटी लेकर उसे पार्क के पास पिक किया और दोनों बस स्टैंड के नजदीक एक होटल में कमरा लेने पहुंचे। वहां कमरा न मिलने पर मलोट रोड स्थित पंजाब होटल में शाम करीब पांच बजे कमरा लिया।
पुलिस के मुताबिक, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने चेन पहनाने के बहाने लड़की को झुकाया और बैग से कुल्हाड़ी निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के बाद वह खून से सनी कुल्हाड़ी बैग में डालकर फरार हो गया। रास्ते में उसने अपने छोटे भाई राहुल को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 16 फरवरी तक रिमांड पर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।