मंत्री किरोड़ी लाल का बड़ा दावा, JJM में 20 हजार करोड़ का घोटाला, खोला 23 जून का पूरा राज…
मंत्री किरोड़ी लाल का बड़ा दावा, JJM में 20 हजार करोड़ का घोटाला, खोला 23 जून का पूरा राज…
JJM Scam Update: राजस्थान में जल जीवन मिशन (JJM) से जुड़े कथित घोटाले को लेकर 20 जून 2023 से शुरू हुआ राजनीतिक घटनाक्रम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हाल ही में करीब 930 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के मामले में जलदाय विभाग से जुड़े कुछ अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद यह प्रकरण दोबारा चर्चा का केंद्र बन गया है। वहीं इस मामले से जुड़े एक पूर्व मंत्री को जमानत मिल चुकी है और आगे भी कुछ और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
एफआईआर दर्ज न होने पर दिया था धरना:-
मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह मामला राजस्थान लोक उपापन में पारदर्शिता अधिनियम, 2012 की धारा 17 का उल्लंघन है। उनके अनुसार, यदि इस कानून का उल्लंघन साबित होता है तो धारा 41 के तहत 6 माह से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
मीणा 20 जून 2023 को जयपुर के अशोक नगर थाना पहुंचे थे और एफआईआर दर्ज न होने पर धरने पर बैठे थे। उस दौरान उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस दावे पर भी सवाल उठाए थे, जिसमें हर शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही जाती थी।
धरना स्थल पर पहुंचे थे बड़े नेता:-
धरना स्थल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ और उस समय के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी भी पहुंचे थे और समर्थन जताया था। किरोड़ी लाल मीणा ने उस समय करीब 20 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
अब हुई गिरफ्तारियां, जांच पर टिकी नजर:-
ताजा घटनाक्रम में हुई गिरफ्तारियों के बाद मामला फिर राजनीतिक रंग ले चुका है। जांच एजेंसियां टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल में जुटी हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे 2023 के धरने और मौजूदा कार्रवाई से जोड़कर देख रहे हैं। आने वाले दिनों में जांच की दिशा और संभावित खुलासों को लेकर सियासी हलकों में हलचल बनी हुई है।