शहर में एमडी ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 5.50 लाख की नशीली खेप और कार जब्त

शहर में एमडी ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 5.50 लाख की नशीली खेप और कार जब्त

राजधानी जयपुर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और ड्रग पैडलर्स के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग और तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार जब्त की गई एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5.50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा के रास्ते एक नाइजीरियन नागरिक से सिंथेटिक ड्रग मंगवाकर जयपुर में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की उम्मीद है।

5.50 लाख से अधिक की एमडी जब्त:-

स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) राहुल प्रकाश ने बताया कि सीएसटी टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सोडाला निवासी तरुण सिंह, मजदूर नगर निवासी लोकेंद्र सिंह और वैशाली नगर निवासी प्रशांत शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 53 ग्राम 72 मिलीग्राम एमडी (मैकेड्रोन क्रिस्टल) और एक कार जब्त की गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी युवाओं को नशे का आदी बना रहे थे।

ड्रग नेटवर्क की गहन जांच जारी
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी हरियाणा में रहने वाले हेनरी नामक एक नाइजीरियन व्यक्ति से एमडी खरीदकर जयपुर में खपाते थे। आरोपियों से मिली जानकारी की तस्दीक की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

और गिरफ्तारियों की संभावना
सीएसटी टीम पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है। जिन लोगों के नाम पूछताछ में सामने आए हैं, उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आधा दर्जन से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी कार्रवाइयां
गौरतलब है कि दिसंबर के पहले पखवाड़े में सीएसटी ने दो विदेशी महिलाओं सहित 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। इस दौरान पुलिस ने स्मैक, एमडी, चरस और गांजा सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, तस्करी में प्रयुक्त वाहन और नकद राशि भी जब्त की थी।

Scroll to Top