इजरायल में भारी तबाही, ईरान ने केमिकल प्लांट पर दागी मिसाइल
मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल और ईरान के बीच सैन्य गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। हाल ही में दोनों देशों के बीच मिसाइल हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच रविवार को दक्षिणी इजरायल के एक औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि ईरान की ओर से दागी गई एक मिसाइल या उसे इंटरसेप्ट करने के दौरान गिरे मलबे का टुकड़ा एक केमिकल फैक्ट्री से टकरा गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और फिर भीषण आग लग गई। यह घटना कीटनाशक बनाने वाली कंपनी अडामा के मख्तेशिम प्लांट में हुई।
धमाके के बाद फैक्ट्री में आग तेजी से फैल गई। यह प्लांट नेओत होवाव इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है, जहां कई केमिकल और औद्योगिक इकाइयां मौजूद हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के लोगों को क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 34 टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना के दौरान सामने आए वीडियो में तेज आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। आग की वजह से एक इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
इजरायली सेना ने पुष्टि की है कि रविवार को ईरान की ओर से कई चरणों में मिसाइलें दागी गई थीं। हालांकि ज्यादातर मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया, लेकिन कुछ मलबा जमीन पर गिरा, जिससे यह हादसा हुआ। इससे पहले भी अराद और डिमोना जैसे शहरों में मिसाइल हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अडामा कंपनी, जो चीन की सिनजेंटा ग्रुप का हिस्सा है, ने कहा है कि प्लांट को हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। चूंकि यह केमिकल यूनिट है, इसलिए खतरनाक पदार्थों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आम लोगों को फिलहाल कोई खतरा नहीं है।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नुकसान सीधे मिसाइल हमले से हुआ या इंटरसेप्शन के बाद गिरे मलबे की वजह से। यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते तनाव और उसके असर को उजागर करती है।