बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा: स्लज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

post 1043 (1)

बालोतरा। शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र के तीसरे चरण में स्थित एक निजी कपड़ा फैक्ट्री में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के स्लज टैंक की सफाई के दौरान उसमें उतरे तीन मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में नाहटा जिला अस्पताल पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री परिसर में बने स्लज टैंक की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान तीन मजदूर टैंक के अंदर उतरकर सफाई कर रहे थे। अचानक टैंक के भीतर जहरीली गैस बनने से तीनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। साथियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान गुमनाराम (30), श्रवण (25) और विशंभर (54) के रूप में हुई है। तीनों मजदूर फैक्ट्री में सफाई कार्य से जुड़े हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां शोक का माहौल बन गया।

एसडीएम-डीएसपी पहुंचे जिला अस्पताल:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। एसडीएम और डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण मजदूरों का दम घुट गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मोर्चरी के बाहर लोगों का विरोध:-

हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने राजकीय नाहटा अस्पताल की मोर्चरी के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए और विरोध जताते हुए रास्ता रोक दिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

You may have missed