खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे को लॉरेंस गैंग की धमकी, 3 करोड़ की मांगी रंगदारी
Rajasthan News: सीकर जिले के खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह चौहान से रंगदारी मांगे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मानवेंद्र सिंह को विदेशी नंबर से कॉल कर 3 करोड़ रुपए की मांग की गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
मानवेंद्र सिंह चौहान ने खाटूश्यामजी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 4 जनवरी को उसके मोबाइल पर विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम हरि बॉक्सर बताते हुए खुद को लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताया। आरोपी ने कहा कि यदि 3 करोड़ रुपए की व्यवस्था नहीं की गई तो घर आकर गोलियों और ग्रेनेड बम से हत्या कर दी जाएगी।
धमकी मिलने के बाद मानवेंद्र सिंह चौहान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने संगठित अपराध समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में खाटूश्यामजी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार चौबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और कॉल करने वाले विदेशी नंबरों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीकर जिले में लॉरेंस विश्नोई और रोहित गोदारा गैंग द्वारा कई लोगों को धमकियां दी जा चुकी हैं। खाटूश्यामजी और फतेहपुर क्षेत्र में पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। फतेहपुर और सदर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को मिली धमकियों के मामलों में पुलिस ने कुछ स्थानीय सहयोगियों को गिरफ्तार किया था, जो रेकी कर विदेश में बैठे गैंगस्टरों तक जानकारी और मोबाइल नंबर पहुंचाते थे।


