Khatushyam Lakkhi Mela 2026: 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा श्याम के दर्शन, इस अफवाह से मेले में घटी श्रद्धालुओं की भीड़

post 784 (1)

Khatushyam Lakkhi Mela 2026: 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा श्याम के दर्शन, इस अफवाह से मेले में घटी श्रद्धालुओं की भीड़

Khatushyam Lakkhi Mela 2026: खाटू श्याम मंदिर में चल रहे फाल्गुनी लक्खी मेले में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। रींगस से खाटू मार्ग तक दिन-रात बाबा श्याम के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। हाथों में ध्वजा और मन में श्रद्धा लिए पदयात्री लगातार श्याम नगरी पहुंच रहे हैं। मेले के तीसरे दिन शाम तक करीब 4 लाख 10 हजार श्रद्धालु बाबा के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद ले चुके हैं।

75 फुट मार्ग पर लगाए गए अत्याधुनिक गणना कैमरों से श्रद्धालुओं की सटीक गिनती की जा रही है। पहले दिन 1.24 लाख, दूसरे दिन 1.97 लाख और तीसरे दिन शाम चार बजे तक करीब 88 हजार भक्त दर्शन कर चुके थे। रींगस रोड से तोरणद्वार, अस्पताल चौराहा, गढ़ धर्मशाला और रामजी द्वार होते हुए 75 फुट मार्ग की 14 कतारों से सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है। लंबी कतारों के बावजूद भक्तों में उत्साह और आस्था साफ दिखाई दे रही है। सोमवार को बाबा श्याम का पिंक और सफेद फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर परिसर की शोभा और बढ़ गई।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:-

मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता केंद्र और खोया-पाया काउंटर बनाए गए हैं। रींगस-खाटू मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू है और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई है।

श्रद्धालुओं ने सराही व्यवस्थाएं:-

जयपुर से आई श्रद्धालु सुनीता, रमा और कौशल्या ने बताया कि वे रोडवेज बस से तोरणद्वार पहुंचीं और वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंचीं। उन्हें एक घंटे से भी कम समय में सहज दर्शन हो गए। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और संतोषजनक बताया।

अफवाहों का असर, तीसरे दिन घटी भीड़:-

हालांकि इस बार मेले की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिख रही है। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों का असर तीसरे दिन भी नजर आया। पहले दिन की तुलना में तीसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई। सामान्य दिनों में भी एक लाख से अधिक भक्त दर्शन को पहुंचते हैं, लेकिन सोमवार को यह आंकड़ा एक लाख तक नहीं पहुंच सका।

मेले से पहले सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैलाई गई थी कि बाबा श्याम के दर्शनों के लिए 40 किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। इस गलत सूचना के कारण कई श्रद्धालुओं ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव कर लिया। प्रशासन लगातार ऐसी भ्रामक खबरों का खंडन कर रहा है।

श्याम मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक संतोष शर्मा के अनुसार शाम चार बजे तक 88 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। वहीं मेला मजिस्ट्रेट मोनिका सामोर ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया की अपुष्ट खबरों से सावधान रहें।