‘खिलाड़ियों से 1000 रुपए फाइन लेते थे ईशान किशन’, कोच ने किया सनसनीखेज खुलासा; पढ़े पूरी खबर
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते नजर आएंगे। नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे, ऐसे में टीम प्रबंधन ने किशन पर भरोसा जताया है। उनकी कप्तानी को लेकर झारखंड टीम के कोच ने भी अहम जानकारी साझा की है।
कोच के अनुसार, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान जब किशन को झारखंड की कमान सौंपी गई थी, तब उन्होंने अनुशासन पर खास ध्यान दिया था। अभ्यास में देरी से पहुंचने वाले खिलाड़ियों पर उन्होंने ₹1000 का जुर्माना भी लागू किया था।
ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता, जो टीम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि रही। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की और आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में वह संजू सैमसन के बाद भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने कुल 317 रन बनाए।
टूर्नामेंट के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआती मैचों के लिए उन्हें कप्तान नियुक्त कर दिया। झारखंड के सहायक कोच सनी गुप्ता ने बताया कि ईशान किशन जमीन से जुड़े खिलाड़ी हैं और आज भी सादगी से रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जब किशन को झारखंड की कप्तानी मिली, तो उन्होंने ड्रेसिंग रूम के लिए कुछ स्पष्ट नियम तय किए थे।
किशन ने साफ कहा कि टीम में नकारात्मक माहौल नहीं रहेगा और किसी खिलाड़ी को सबके सामने डांटने के बजाय व्यक्तिगत रूप से समझाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि हार-जीत के बावजूद टीम का माहौल हमेशा सकारात्मक बना रहे।
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च से करेगी, जहां उसका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। यह मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जिसका प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।