‘इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले नहीं रुके तो आंख के बदले सिर उड़ाने वाली होगी जंग’, ईरान ने दी अमेरिका-इज़रायल को धमकी

post 1195 (1)

ईरान-अमेरिका-इज़रायल के बीच जारी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। युद्ध का आज 25वां दिन है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। अमेरिका और इज़रायल को शायद अंदाजा नहीं था कि ईरान इतने लंबे समय तक उनके हमलों का सामना करते हुए जवाबी कार्रवाई भी करता रहेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को चेतावनी दे रहे हैं और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज को खोलने का अल्टीमेटम भी दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है, जिसे ईरान ने सिरे से खारिज करते हुए फर्जी बताया है।

इस बीच, मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका और इज़रायल जहां ईरान के ठिकानों और खासकर उसके ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रहे हैं, वंही ईरान भी लगातार इज़रायल और मिडिल ईस्ट (Middle East) में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले कर रहा है।

ईरान की कड़ी चेतावनी:-

ईरान के वरिष्ठ नेता मोहसेन रेज़ाई ने अमेरिका और इज़रायल को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “अगर अमेरिका और इज़रायल ने ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले बंद नहीं किए, तो आंख के बदले आंख नहीं, बल्कि आंख के बदले सिर उड़ाने वाली जंग होगी।”

कब तक चलेगा युद्ध?

रेज़ाई के अनुसार, यह युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान को हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो जाती, आर्थिक प्रतिबंध खत्म नहीं किए जाते और यह गारंटी नहीं मिल जाती कि अमेरिका की तरफ से ईरान के मामलों में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।।

वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई पहले ही अमेरिका और इज़रायल से हर्जाने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो ईरान की तरफ से अमेरिका और इज़रायल की उतनी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी, जितनी ईरान चाहता है।

कौन हैं मोहसेन रेज़ाई?

मोहसेन रेज़ाई ईरान के प्रमुख सैन्य और राजनीतिक नेताओं में गिने जाते हैं। वे Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) के पूर्व कमांडर-इन-चीफ रह चुके हैं और वर्तमान में सुप्रीम लीडर के सैन्य सलाहकार तथा एक्सपेडिएंसी काउंसिल के सदस्य हैं।