‘विवादित कैच’ से गरमाया IPL 2026 का आगाज, क्लासेन नाराज, दिग्गजों ने फैसले पर उठाए सवाल

post 1235 (1)

आईपीएल 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत धमाकेदार रही, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 202 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने विराट कोहली (नाबाद 69) और देवदत्त पडिक्कल (61) की बेहतरीन पारियों के दम पर मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।

हालांकि मैच के दौरान एक विवाद ने सबका ध्यान खींच लिया। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को दिए गए कैच आउट फैसले पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दरअसल, SRH की टीम शुरूआती 4.2 ओवर में महज 29 के स्‍कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन क्लासेन और कप्तान ईशान किशन ने मिलकर पारी संभाली और 97 रनों की अहम साझेदारी की। इसी दौरान क्लासेन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, जिसे बाउंड्री के पास फिल सॉल्ट ने कैच कर लिया।

कैच के दौरान सॉल्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़े। मामला थर्ड अंपायर के पास गया, जहां कई बार रिप्ले देखने के बावजूद यह साफ नहीं हो पाया कि उनका पैर बाउंड्री रोप से छुआ था या नहीं। इसके बावजूद अंपायर ने क्लासेन को आउट करार दे दिया।

इस फैसले पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ऐसा लग रहा था कि फील्डर का पैर बाउंड्री स्पंज से टकराया था, ऐसे में यह फैसला काफी हैरान करने वाला है।

अंपायर रोहन पंडित ने अपने निर्णय में कहा कि उन्हें कुशन में कोई हलचल नजर नहीं आई, जिसके आधार पर आउट दिया गया। इस फैसले से जहां RCB के फैंस खुश नजर आए, वहीं क्लासेन काफी नाराज दिखे और मैदान छोड़ने से पहले चौथे अंपायर से बहस करते भी नजर आए।

मैच खत्म होने के बाद यह कैच सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया है, जहां फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स इस पर अलग-अलग राय दे रहे हैं।

You may have missed