हेरिटेज वॉक से होगी अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की रंगारंग शुरुआत
हेरिटेज वॉक से होगी अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की रंगारंग शुरुआत
तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह 8 बजे हेरिटेज वॉक से होगा। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने बताया कि जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 9 से 11 जनवरी तक आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की शुरुआत हेरिटेज वॉक से होगी। जो लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से शुरू होकर रामपुरिया हवेली तक जाएगी। जिला कलक्टर ने बताया कि सुबह 8 से 10 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न लोक वाद्यों, लोक कलाओं और लोक गीत व संगीत की प्रस्तुति कलाकारों द्वारा दी जाएगी। इस दौरान लोक कलाकार, रोबीले और सजे-धजे ऊंट भी साथ रहेंगे। शहर की ऐतिहासिक रम्मत का प्रदर्शन, भुजिया, घेवर और जलेबी बनाने का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जिला कलक्टर ने ऊंट उत्सव में शामिल होने की अपील सभी बीकानेर वासियों से की है।
जिला उद्योग संघ में मान मनुहार कार्यक्रम का आयोजन
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि हेरिटेज वॉक के बाद सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक जिला उद्योग संघ की ओर से ”मान मनुहार” कार्यक्रम के तहत ”ट्रेडिशनल बीकानेरी फूड फेस्टिवल” का आयोजन रानी बाजार स्थित जिला उद्योग संघ में किया जाएगा। राठौड़ ने बताया कि दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक धरणीधर ग्राऊंड में प्राऊड एंड प्राइड ऑफ बीकानेर कार्यक्रम के तहत मिस्टर बीकाणा, मिस मरवण शो और ढोला मारू कॉम्पिटिशन का भव्य आयोजन होगा। तत्पश्चात धरणीधर ग्राऊंड पर ही शाम 7 से रात 10 बजे तक ”बीकाणा री आवाज” ( वॉयस ऑफ बीकानेर) कार्यक्रम के अंतर्गत ”लोकल ग्रुप म्यूजिकल बैंड कॉम्पिटिशन” का आयोजन होगा। जिसमें विजेता टीम का प्रदर्शन अगले दिन डॉ करणी सिंह स्टेडियम में भी करवाया जाएगा।
10 जनवरी को उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र व डॉ करणी सिंह स्टेडियम में होंगे कार्यक्रम
संयुक्त निदेशक राठौड़ ने बताया कि 10 जनवरी को सुबह 08 से 9 बजे तक ”करें योग रहें निरोग” कार्यक्रम के तहत सांसोलाव तालाब किनारे ”फ्लो योगा प्रैक्टिस” करवाई जाएगी। सुबह 09 से दोपहर ढाई बजे तक राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी) में ”ऊंटां री बातां” कार्यक्रम के तहत ऊंट नृत्य, ऊंट फर कटिंग, ऊंट साज-सज्जा,ऊंट दौड़ और घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान सुबह 11 से शाम 05 बजे तक डॉ करणी सिंह स्टेडियम में ”ऊंटां रो इतिहास-विरासत के साथ” के अंतर्गत कला प्रदर्शनी का आयोजन राजस्थान राज्य अभिलेखागार की ओर से किया जाएगा। शाम 07 से रात 10 बजे तक डॉ करणी सिंह स्टेडियम में बेस्ट ऑफ राजस्थान फोक नाइट कार्यक्रम के तहत लोकल और राजस्थानी कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।
लव-कुश वाटिका और गिद्ध संरक्षण क्षेत्र में बर्ड फेस्टिवल का आयोजन
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के दौरान वन विभाग के सहयोग से बर्ड फेस्टिवल का आयोजन जोड़बीड़ स्थित लव कुश वाटिका और उससे थोड़ा आगे गिद्ध संरक्षण क्षेत्र में 10 जनवरी को सुबह 08 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। वन विभाग के डीएफओ संदीप छंगाणी ने बताया कि इस दौरान दूरबीन की व्यवस्था भी वन विभाग द्वारा की गई है। छंगाणी ने बताया कि जोड़बीड़ में इस समय 5 प्रकार के गिद्ध की प्रजाति के अलावा 10 से अधिक प्रजातियों के शिकारी पक्षी चील, बाज, शिखरा, फालकन, इत्यादि की प्रजाति आई हुई है। दिसंबर और जनवरी माह में हजारों की संख्या में विदेशी पक्षियों ने जोड़बीड़ में डेरा डाला हुआ है। इसके अलावा मरू लोमड़ी,चिंकारा,सरीसृप प्रजाति के जीव जंतु भी बड़ी संख्या में देखने को मिलेंगे।