Indian Railways: राजस्थान के इस रेलवे ट्रैक पर 121 KMPH का स्पीड ट्रायल सफल, अब इस रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

post 241

Indian Railways: राजस्थान के इस रेलवे ट्रैक पर 121 KMPH का स्पीड ट्रायल सफल, अब इस रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

चूरू। बीकानेर रेल मंडल के चूरू–सादुलपुर रेलखंड पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने दूधवाखारा से चूरू तक स्पीड ट्रायल का निरीक्षण किया। करीब 29 किलोमीटर लंबे इस खंड पर श्रीनिवास चूरू से दूधवाखारा तक स्वचालित ट्रॉली से पहुंचे। इसके बाद सीसीआरएस स्पेशल ट्रेन के माध्यम से 121 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक किया गया। ट्रायल सफल रहने पर इस रेलखंड पर 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से ट्रेन संचालन की अनुमति प्रदान की गई।

सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण:-

निरीक्षण के दौरान मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने ट्रैक की गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि पहले रतनगढ़ से चूरू तक डबल लाइन तथा चूरू से दूधवाखारा तक सिंगल लाइन थी। अब चूरू से दूधवाखारा तक डबल लाइन पर ट्रेन संचालन की अनुमति मिलने से रेलवे को बड़ी राहत मिलेगी।

दोहरीकरण का लाभ:-

रतनगढ़ से सादुलपुर के बीच 73 किलोमीटर रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। यह स्पीड ट्रायल दोहरीकरण परियोजना की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या, गति और संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही माल परिवहन बढ़ने से रेलवे की आय में भी इजाफा होगा और यात्रियों को तेज व सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद:-

स्पीड ट्रायल के दौरान बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अंकुर झिंगोनिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ डीएसटीई रण सिंह गोदारा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, सीनियर डीईई टीआरडी जितेंद्र कटारिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर आदित्य लेघा, डिप्टी चीफ इंजीनियर विजय सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।