Indian Army: पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तान में गरजी भारत की सैन्य शक्ति, थर्राया दुश्मन
Indian Army: पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तान में गरजी भारत की सैन्य शक्ति, थर्राया दुश्मन
Indian Army Khadga Shakti 2026: ऊंचे रेतीले धोरों, गहरी खाइयों और तेज हवाओं के बीच उड़ती रेत…राजस्थान के पश्चिमी रेगिस्तान में सोमवार को युद्ध जैसा माहौल नजर आया। भारतीय सेना ने ‘खड़ग शक्ति 2026’ युद्धाभ्यास के दौरान अपनी आधुनिक युद्ध क्षमता और रणनीतिक तैयारी का दमदार प्रदर्शन किया। युद्धाभ्यास के दौरान सेना ने साफ संदेश दिया—भारत हर परिस्थिति में, हर मोर्चे पर जवाब देने में सक्षम है।

रेगिस्तान में दुश्मन के काल्पनिक ठिकानों को चिन्हित कर सेना ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक युद्ध कौशल का समन्वित प्रदर्शन किया। अपाचे, चेतक और चीता अटैक हेलीकॉप्टरों ने आसमान से सटीक निशाना साधते हुए दुश्मन के ठिकानों पर प्रहार किया। वहीं लॉजिस्टिक ड्रोन और तोपखाने की तालमेल समन्वित फायरिंग ने यह जता दिया कि बदलते युद्ध परिदृश्य में सेना तकनीक और रणनीति, दोनों में आगे है।

जमीन पर टैंक, बख्तरबंद वाहन और मशीनीकृत पैदल सेना ने संयुक्त फायरिंग ड्रिल के साथ आगे बढ़ते हुए लक्ष्यों को साधा। कमांडो की अग्रिम टुकड़ियों ने दुश्मन की गतिविधियों की सटीक जानकारी साझा की, जिसके आधार पर तोपखाने ने प्रभावी और सटीक गोलाबारी की।
200 किलो विस्फोटक क्षमता वाला ड्रोन आकर्षण का केंद्र:-
इस अभ्यास का सबसे रोमांचक पहलू रहा स्वदेशी ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन। ‘खड़गा चक्र’ ड्रोन ने लगभग 200 किलो वजनी बारूदी सामग्री के साथ ऊंचाई से लक्ष्य भेदन की क्षमता दिखाई। वहीं ‘अश्विनी’ ड्रोन ने झुंड में उड़ान भरते हुए दुश्मन को सामरिक रूप से घेरने की रणनीति का प्रदर्शन किया।

स्पष्ट संदेश:-
रेगिस्तान में गूंजती गोलाबारी, आसमान में मंडराते हेलीकॉप्टर और ड्रोन की आवाज…यह सिर्फ एक अभ्यास नहीं, बल्कि सामरिक तैयारी का प्रदर्शन था। भारतीय सेना ने स्पष्ट कर दिया कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए वह हर चुनौती का सामना करने को पूरी तरह तैयार है।