राजस्थान में दो से अधिक संतान वालों को चुनाव लड़ने की मंजूरी, भजनलाल सरकार का बड़ा निर्णय
राजस्थान में दो से अधिक संतान वालों को चुनाव लड़ने की मंजूरी, भजनलाल सरकार का बड़ा निर्णय
Rajasthan News: भजनलाल सरकार की अगुवाई में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार ने पंचायत और निकाय चुनावों से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया। अब राजस्थान में दो से अधिक संतान वाले नागरिक भी स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव लड़ सकेंगे। इस संबंध में जल्द ही विधानसभा में संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा।
28 साल पुराना प्रावधान हटेगा:-
मंत्रिमंडल ने राजस्थान पंचायत अधिनियम की धारा 19 और नगर पालिका अधिनियम की धारा 24 में संशोधन को मंजूरी दी है।
- बड़ा बदलाव: अभी तक दो से ज्यादा संतान होने पर स्थानीय चुनाव लड़ने पर पाबंदी थी, जिसे अब हटाने का निर्णय लिया गया है।
- राजनीतिक असर: इस फैसले से उन हजारों जमीनी कार्यकर्ताओं को राहत मिलेगी जो संतान संबंधी नियमों के कारण चुनावी राजनीति से दूर थे।
- प्रक्रिया: कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब इस बिल को सदन में रखा जाएगा, जिसके बाद यह कानून का रूप लेगा।
- संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि सरकार जल्द ही संशोधन विधेयक लाकर इस प्रावधान को औपचारिक रूप से समाप्त करेगी।
अजमेर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विश्वविद्यालय:-
- सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम निर्णय लेते हुए अजमेर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
- विश्वविद्यालय के प्रारूप को स्वीकृति मिल चुकी है।
- इससे राज्य आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
राजस्व आसूचना एवं अपराध निदेशालय का गठन
ठगी और टैक्स चोरी रोकने के लिए सरकार ने एक नया और शक्तिशाली तंत्र बनाने का फैसला किया है।
- कार्यक्षेत्र: इस नए निदेशालय का कार्यक्षेत्र संपूर्ण राजस्थान होगा।
- इन पर होगी कार्रवाई: शेयर बाजार की अनियमितताएं, फर्जी नौकरियां, जमीनों के पंजीयन में धोखाधड़ी और ठगी जैसे अपराधों पर अब यह निदेशालय सीधी नजर रखेगा।
- राजस्व सुरक्षा: इससे टैक्स चोरी और राजस्व लीकेज रुकेगा। सरकार ने इसके लिए 107 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है।
विधानसभा में पहली बार कैबिनेट बैठक:-
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में यह बैठक विधानसभा स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित की गई, जो अपने आप में एक नई परंपरा मानी जा रही है। बैठक के बाद डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, मंत्री जोगाराम पटेल और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने संयुक्त प्रेस वार्ता में फैसलों की जानकारी दी।