IMD Alert: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, 14-15 मार्च को 16 जिलों में अंधड़-बारिश और ओले गिरने का येलो अलर्ट

post 1033 (1)

IMD Alert: राजस्थान में तेज गर्मी से परेशान लोगों को अगले 48 घंटों में कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च से सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव को देखते हुए प्रदेश के 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आगामी सप्ताहभर कई क्षेत्रों में धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, वहीं कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर चल सकता है और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।

दो पश्चिमी विक्षोभ का असर:-

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। 14 मार्च को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

15 मार्च को जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के जिलों के साथ शेखावाटी क्षेत्र, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

19 से 21 मार्च के बीच फिर बदलेगा मौसम:-

मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 मार्च के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इससे अगले सप्ताहभर अधिकांश जिलों में हीटवेव से राहत मिलने और दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।

14 मार्च को इन जिलों में अंधड़-बारिश का अलर्ट:-

झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर।

15 मार्च को इन जिलों में आंधी-बारिश की संभावना:-

अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, डीडवाना-कुचामन, चूरू और बूंदी।

कई शहरों में बादलों की आवाजाही:-

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को जयपुर के साथ चूरू, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, उदयपुर और कोटा में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही से धूप की तीव्रता कम होगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

कोटा और बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान:-

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। पिछले 24 घंटे में कोटा में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव:-

बीती रात पूर्वी राजस्थान के कुछ शहरों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। भीलवाड़ा में 23.0, कोटा में 20.6 और झुंझुनूं में 21.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

बीती रात दौसा 15.5, करौली 15.7, जयपुर 22.2, डबोक 14.9, माउंटआबू 14.3, अंता बारां 13.0, सिरोही 16.4, जालोर 17.4, और श्रीगंगानगर में 17.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। बाड़मेर 24.0 और फलोदी 24.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म जिले रहे।

You may have missed