IMD Alert: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, दो पश्चिमी विक्षोभ से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार
जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदलने की तैयारी में है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिससे अप्रैल की शुरुआत में ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 और 4 अप्रैल को सक्रिय होगा, जबकि दूसरा विक्षोभ 7 और 8 अप्रैल के बीच सक्रिय रहने की संभावना है। इन दोनों सिस्टम्स के चलते प्रदेश में बार-बार मौसम बदलने की स्थिति बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान भी कुछ इलाकों में मौसम बदला नजर आया। पूर्वी राजस्थान के सांभर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 34 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी राजस्थान के करणपुर और श्रीगंगानगर में हल्की बारिश हुई।
1 अप्रैल को भी प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 2 अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर संभाग में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की चेतावनी दी है। इसका असर आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल सकता है।
वहीं 3 और 4 अप्रैल को मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई जिलों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को सक्रिय होने वाला दूसरा पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को अस्थिर बनाए रखेगा और फिर से बारिश व तेज हवाओं का दौर ला सकता है।
ऐसे में किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट के साथ तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।