IMD Alert: मौसम विभाग की चेतावनी, राजस्थान के 17 जिलों में अगले तीन घंटे में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना
IMD Alert: मौसम विभाग की चेतावनी, राजस्थान के 17 जिलों में अगले तीन घंटे में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना
IMD Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग के अंतर्गत मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए तात्कालिक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के भीतर कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने जयपुर, दौसा, टोंक, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, बारां, बूंदी, झालावाड़, सवाई माधोपुर, अलवर, भरतपुर, करौली, उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में अल्पकालिक वर्षा की संभावना जताई है। यह चेतावनी सोमवार दोपहर करीब चार बजे जारी की गई।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने, तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। किसानों और राहगीरों को भी मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। दक्षिण-पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी।
मौसम विभाग ने लोगों से आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते एहतियाती कदम उठाए जा सकें।