Holi 2026: होली की तारीख को लेकर असमंजस, 4 मार्च को राजस्थान बोर्ड की परीक्षा; तारीख में बदलाव की मांग
जयपुर: राजस्थान के कई जिलों में 4 मार्च को होली मनाए जाने के बीच उसी दिन राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं तय होने से अभिभावकों और शिक्षकों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग उठाई है।
शिक्षकों का कहना है कि सरकार ने 2 और 3 मार्च को अवकाश घोषित किया है, इसलिए परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन नहीं किया गया। हालांकि, कई क्षेत्रों में होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। इसी दिन इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि रसायन विज्ञान और रसायन विज्ञान विषय की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
इधर, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने होली को ध्यान में रखते हुए 3 मार्च की अपनी बोर्ड परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी थी, लेकिन आरबीएसई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
शहर के अभिभावक संगठन ‘संयुक्त अभियोजक संघ’ ने बयान जारी कर कहा है कि होली जैसे बड़े पर्व के मद्देनजर परीक्षा तिथि पर पुनर्विचार होना चाहिए। संगठन का कहना है कि 3 और 4 मार्च होली को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिससे छात्र असमंजस में हैं। उन्होंने आरबीएसई से भी सीबीएसई की तरह संवेदनशील निर्णय लेने की अपील की है।
अभिभावकों का तर्क है कि होली के दिन छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण और असुरक्षित भी हो सकता है। त्योहार के कारण ग्रामीण और शहरी इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है। साथ ही 4 मार्च को विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक होली कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शिक्षकों का कहना है कि जब तक राज्य सरकार छुट्टियों से संबंधित अधिसूचना में बदलाव नहीं करती, तब तक शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा तिथि बदलने की संभावना कम है।