Hit and Run Case: बेकाबू कार की जोरदार टक्कर से महिला हवा में उछली, लहूलुहान हालत में गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

post 1162 (1)

Hit and Run Case: राजधानी जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र में सागर रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया और भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

गंभीर हालत में SMS अस्पताल रेफर:-

टक्कर इतनी तेज थी कि महिला के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। पहले उसे आमेर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।

ड्राइवर हिरासत में, जांच जारी:-

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों ने यह भी आशंका जताई कि चालक नशे में हो सकता है। सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को हिरासत में लिया और वाहन जब्त कर लिया। पुलिस अब मेडिकल जांच समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

सागर रोड पर बढ़ते हादसों से लोगों में नाराजगी:-

इस घटना के बाद सागर रोड पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर क्षेत्रवासियों में चिंता और रोष है। उनका कहना है कि सागर रोड पर तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां सख्त ट्रैफिक कंट्रोल और स्पीड मॉनिटरिंग की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।