खाटूश्यामजी में रचेगा इतिहास, नंद धाम परिसर में स्थापित होगी 252 फीट ऊंची अष्टधातु की लड्डू गोपालजी प्रतिमा

post 562 (1)

खाटूश्यामजी में रचेगा इतिहास, नंद धाम परिसर में स्थापित होगी 252 फीट ऊंची अष्टधातु की लड्डू गोपालजी प्रतिमा

खाटूश्यामजी में आस्था का नया अध्याय: धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में भक्ति और अध्यात्म का भव्य स्वरूप आकार ले रहा है। हनुमानपुरा रोड स्थित नंद धाम परिसर में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से 252 फीट ऊंची अष्टधातु निर्मित लड्डू गोपालजी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से भी क्षेत्र को नई पहचान देने वाली मानी जा रही है।

5 फरवरी से चल रहा सात दिवसीय अनुष्ठान:-

प्रतिमा स्थापना को लेकर 5 फरवरी 2026 से सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुआ है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार और विभिन्न धार्मिक पाठ किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में गोपाल सहस्त्रनाम, श्रीमद्भागवत मूल पाठ, वास्तु पूजन, भूमि स्तोत्र, दुर्गा सप्तशती और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ शामिल है।

21 कुंडीय महायज्ञ और नींव पूजन:-

धार्मिक क्रम में 10 फरवरी को नंद धाम परिसर में 21 कुंडीय महायज्ञ आयोजित किया गया। 11 फरवरी को मुख्य समारोह होगा, जिसमें प्रातः 9:15 से 10:15 बजे के शुभ मुहूर्त में लड्डू गोपालजी की प्रतिमा का विधिवत नींव पूजन संपन्न किया जाएगा।

संत समागम में उमड़ेगा श्रद्धा सागर:-

इस अवसर पर देशभर से पधारे संत-महात्माओं की मौजूदगी में भव्य संत समागम आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार, सैकड़ों संतों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा। आयोजकों के अनुसार,नंद धाम परिसर में स्थापित होने वाली यह 252 फीट ऊंची प्रतिमा खाटूश्यामजी को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।