खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर में हाई अलर्ट! जुमे के दिन श्रीनगर के लाल चौक पर कड़ी सुरक्षा

post 917 (1)

Shia Protest Srinagar: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। इसी बीच जम्मू-कश्मीर में भी माहौल को देखते हुए शुक्रवार को श्रीनगर के लाल चौक इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यह कदम प्रशासन ने जुमे के दिन और शिया समुदाय के विरोध प्रदर्शन को लेकर उठाया है।

सीएम ने भी दी प्रतिक्रिया:-

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने शिया समुदाय के धार्मिक नेताओं से मुलाकात कर शांति बनाए रखने की अपील भी की।

श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन:-

श्रीनगर में बुधवार को शिया समुदाय के लोगों ने खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की गई। कुछ जगहों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला भी फूंका गया।

बांदीपोरा में भी निकाला गया मार्च:-

श्रीनगर के अलावा बांदीपोरा में भी लोगों ने विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने अली खामेनेई की तस्वीर के साथ रैली निकालते हुए इस घटना की कड़ी निंदा की।

फारूक अब्दुल्ला का बयान:-

ईरान-इजरायल संघर्ष को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका कब्जा करना चाहता है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस युद्ध के परिणाम अच्छे नहीं होंगे। 

भारत ने जताई संवेदना:-

खामेनेई की मौत के बाद भारत सरकार की ओर से भी संवेदना व्यक्त की गई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर किए और भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं। इसके साथ ही नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में झंडा आधा झुका दिया गया।

ट्रंप का बयान:-

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह वहां की मौजूदा नेतृत्व व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि ईरान में एक नए और बेहतर नेतृत्व की जरूरत है।