Heatwave Alert : मार्च की शुरुआत में ही तेज होगी गर्मी, अगले हफ्ते तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
Heatwave Alert : मार्च की शुरुआत में ही तेज होगी गर्मी, अगले हफ्ते तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
जयपुर। राजस्थान में फरवरी के अंतिम दिनों से जारी गर्मी का असर अब मार्च की शुरुआत में और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के पश्चिमी हिस्से के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि वहां से विदर्भ तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इन परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश में फिलहाल बादल या बारिश की संभावना नगण्य है और मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किए गए। बाड़मेर में सर्वाधिक तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। इसके चलते दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि पूरे राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद पारे में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
फरवरी की असामान्य गर्मी के बाद अब मार्च में भी राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।