खाजूवाला क्षेत्र में ओलावृष्टि से खराब हुई गेहूं, चना व ईस्बघोल की फसलें, एसडीएम ने किया निरीक्षण, विशेष सर्वे शुरू

post 1353 (1)

विधायक डॉ.मेघवाल ने लिया हालात का जायजा, कहा-किसानों को जल्द ही मिलेगा मुआवजा

खाजूवाला, खाजूवाला क्षेत्र में आए तेज आंधड़ व बारिश तथा ओलावृष्टि से किसानों के खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गई है। जिसके मुआवजे की मांग अब किसान कर रहे है। जिसपर शनिवार को उपखण्ड अधिकारी व राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया है।

गौरतलब है कि खाजूवाला क्षेत्र में शुक्रवार को आए तेज आँधी व बारिश तथा ओलावृष्टि से सियासर चौगान, सामरदा नौसेरा, माधोडिग्गी गुल्लूवाली आदि पंचायतों के कई चकों में किसानों के खेतों में खड़ी फसलें खराब हो गई। यहां ईसबघोल, चना, गेहूँ की फसलों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इसी के साथ ही जिन किसानों की सरसों की फसल खेत में थी वह भी नष्ट हो गई है। जिसके लिए किसानों द्वारा सरकार से विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाने की मांग की गई है।

हालांकि इस सम्बन्ध में जिला कलेक्टर बीकानेर द्वारा भी संज्ञान लेते हुए उपखण्ड अधिकारी व पटवारियों को मौके पर भेजकर विशेष सर्वे करवाने के निर्देश दिए है। जिसपर शनिवार को उपखण्ड अधिकारी पंकज गढ़वाल व राजस्व विभाग की टीम ने ने सियासर चौगान, सामरदा आदि क्षेत्रों में जाकर मौका स्थिति देखी। वहीं सियासर चौगान सरपंच खलील खां पडि़हार ने सरकार व विधायक डॉ.विश्वनाथ मेघवाल से दूरभाष पर वार्ता कर विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा दिलवाने की मांग की है।

ओलावृष्टि से किसानों के खेतों में खड़ी हजारों हैक्टेयर की फसल खराब हो गई है। जिसका प्रभाव इस बार बाजार पर भी पड़ेगा। वहीं इन क्षेत्रों में गेहूँ, चना व इस्बघोल की फसल को 90 प्रतिशत तक खराब होना बताया जा रहा है।

वर्जन-1
खाजूवाला क्षेत्र में शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें खराब हुई है। इस सम्बन्ध में जानकारी मिलती है। उपखण्ड अधिकारी व तहसीलदार को मौके पर भेजकर जाँच करवाई गई है तथा विशेष सर्वे शुरू करवा दिया गया है। मुख्यमंत्री व उच्चाधिकारियों से वार्ता करके जल्द ही किसानों को मुआवजा दिलवाया जाएगा।
डॉ.विश्वनाथ मेघवाल, विधायक खाजूवाला

वर्जन-2
खाजूवाला उपखण्ड क्षेत्र के सामरदा, सियासर चौगान, माधोडिग्गी व गुल्लूवाली आदि क्षेत्र में फसलें खराब हुई है। जिसका विशेष सर्वें करवाया जा रहा है तथा सर्वें के आधार पर किसानों को मुआवजा दिलवाने का प्रायस किया जाएगा।
पंकज गढ़वाल, उपखण्ड अधिकारी खाजूवाला

वर्जन-3
खाजूवाला क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों के खेतों में खड़ी फसलें 90 प्रतिशत तक नष्ट हो गई। इस सम्बन्ध में शनिवार को विधायक डॉ.विश्वनाथ मेघवाल से दूरभाष पर वार्ता कर सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाने की मांग की है। जिसपर विधायक ने आश्वस्त किया कि सर्वें शुरू हो गया है और जल्द ही मुआवजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
खलील खां पडि़हार, सरपंच सियासर चौगान